झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम महतो शुक्रवार को सियालजोरी इलेक्ट्रो स्टील धरना मामले में धनबाद व्यवहार न्यायालय पहुंचे। कोर्ट में पेशी के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए अपने खिलाफ दर्ज केस, JPSC अभ्यर्थियों के आंदोलन और हाल ही में धनबाद में हुई ED की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी।

धनबाद कोर्ट पहुंचे विधायक जयराम महतो

जयराम महतो ने कहा कि सियालजोरी स्थित इलेक्ट्रो स्टील प्लांट में हुए धरना-प्रदर्शन के बाद दर्ज प्राथमिकी में उनका नाम केवल पोस्टर में तस्वीर होने की वजह से शामिल किया गया है। इसी मामले में उन्हें शुक्रवार को न्यायालय में उपस्थित होना पड़ा।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वालों पर मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं है। हालांकि, उन्होंने कहा कि वे कानून का सम्मान करते हैं और न्यायिक प्रक्रिया में पूरा सहयोग कर रहे हैं।

JPSC आंदोलन पर क्या बोले?

रांची में चल रहे JPSC अभ्यर्थियों के आंदोलन को लेकर जयराम महतो ने कहा कि आंदोलन की शुरुआत में ही छात्रों ने फैसला लिया था कि मंच पर किसी भी राजनीतिक दल या नेता को जगह नहीं दी जाएगी। छात्रों के इस निर्णय का सम्मान करते हुए उन्होंने आंदोलन के मंच से दूरी बनाए रखी।

उन्होंने कहा कि भले ही वह मंच पर नहीं गए, लेकिन छात्रों की मांगों के समर्थन में लगातार सहयोग करते रहे। उनके मुताबिक देवेंद्र नाथ महतो लगातार आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं और अभ्यर्थियों की मांगों को सरकार तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं।

ED की कार्रवाई पर भी दी प्रतिक्रिया

धनबाद में हाल ही में हुई प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए जयराम महतो ने कहा कि जिन लोगों ने गलत तरीके से संपत्ति अर्जित की है, उनके खिलाफ जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को कानून के तहत कार्रवाई करने का अधिकार है।

इस दौरान उन्होंने धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो पर भी निशाना साधा। जयराम महतो ने कहा कि अगर किसी को ED की कार्रवाई से बचना है तो उसे दिल्ली जाकर NDA में शामिल हो जाना चाहिए।

उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, जयराम महतो के आरोपों पर समाचार लिखे जाने तक सांसद ढुल्लू महतो की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *